Press "Enter" to skip to content

जरुरी ख़बर: शादी में 200 और मृत्युभोज में 100 लोग ही हो सकेंगे शामिल, बाहर से आने वाले 5 दिन रहेंगे क्वारेंटाइन / Shivpuri News


शिवपुरी / तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए बुधवार को क्राइसिस मैनेजमेंट समूह के साथ शहर के लोगों की बैठक हुई। इस बैठक में लोगों के सुझाव लिए गए और कुछ बंदिशें लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।

कोरोना के हाईरिस्क जोन में शामिल मुंबई, इंदौर और भोपाल से आने वाले लोगों पर अब प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी। शहर के चारों कोनों पर स्क्रीनिंग सेंटर बनाए जाएंगे। यहां परीक्षण के बाद ही यात्री शहर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी यही प्रक्रिया होगी।

बाहर से आने वाले रिश्तेदारों या परिजनों की सूचना भी अब प्रशासन को देनी होगी। उन्हें घर में 5 दिन के लिए क्वारेंटाइन करना होगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो फिर प्रशासन ₹1000 का जुर्माना परिवार पर लगाएगा। रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक शहर में नाइट कर्फ्यू रहेगा।

वहीं बिना मास्क घर से बाहर नजर आए तो फिर ₹100 का चालान कटेगा। इसके बदले में 2 मास्क कपड़े के दिए जाएंगे। शादी समारोह के लिए भी दो सौ लोगों की अधिकतम सीमा तय कर दी गई है। मृत्युभोज में भी सौ से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। रात दस से छह बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। दरअसल, कोरोना की बढ़ती रफ्तार के चलते शहर में हालात बिगड़ गए हैं। ऐसे में सतर्कता बरतने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक क्राइसिस मैनेजमेंट समूह के साथ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया।

इसमें प्रशासन ने लोगों से सुझाव लेकर इन पर अमल करने की बात कही। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि इन सुझावों को संकलित कर राज्य शासन के पास भेजेंगे। जहां से निर्देश मिलने के बाद तय किए गए निर्णय को जिले में लागू किया जाएगा।

पहली बार मार्च में 8 मरीज गांव के निकले, ट्रैवल हिस्ट्री देखी तो यह मुंबई, इंदौर और भोपाल से आए
सीएमएचओ ने बताया कि कोरोना का कहर अकेले शहरी क्षेत्र में नहीं है। यह कोरोना की थर्ड वेव है और यह इतनी खतरनाक है कि इसके परिणाम गंभीर आ रहे हैं। हाल ही में हमने जो मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री देखी उसमें चौंकाने वाला तथ्य यह है कि मार्च माह में जो कोरोना संक्रमित पाए गए, उनमें 8 मरीज ऐसे हैं जो ग्रामीण क्षेत्र के हैं। पहली और दूसरी लहर में कोरोना के गांव में कम मरीज मिले।
5 कोरोना पॉजिटिव मिले, इनमें तीन दूसरे जिलों के

मेडिकल कॉलेज शिवपुरी और रेपिड एंटीजन किट की सैंपल टेस्ट रिपोर्ट में बुधवार को पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें दो मरीज शिवपुरी जिले के और तीन जिले के बाहर के हैं। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हजार 973 हो गई है, इनमें से 3913 स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीज अब 30 हो गए हैं।

सुझाव शासन को भेजेंगे

  • बैठक में शहर के धर्मगुरु, समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से जो सुझाव मिले हैं, उन्हें राज्य शासन को भेजेंगे। वहां से जो निर्देश मिलेंगे, उन्हें शिवपुरी जिले में लागू करेंगे
  • अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर

अब हम निगरानी रखेंगे

  • बैठक में सदस्यों ने प्रस्ताव दिया कि कोचिंग, दुकानदार और बाजार में भीड़ अधिक है। वहां निगरानी रखेंगे। बाहर से आने वालों की सूचना न देने पर एक हज़ार के चालान की बात भी बैठक में आई 
  • राजेश सिंह चंदेल, एसपी
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!