खनियांधाना। क्षेत्र के रेडी चौराहा से लेकर कदवाया तक बनाए जा रहे करीब 50 किलोमीटर के सीसी रोड निर्माण में खनियाधाना नगर की सीमा में सड़क निर्माण का कार्य पिछले एक साल से डिवाइडर निर्माण की स्वीकृति के इन्तजार में लटका पड़ा था , अब कहीं जाकर जब डिवाइडर निर्माण शुरू हुआ तो मनमाने तरीके से हो रहे निर्माण को लेकर खनियांधाना के लोगों में भारी रोष है जिसका मुख्य कारण है कि नगर सीमा में पिछोर रोड से अस्पताल तक बन रहे करीब दो किमी के सीसी रोड में मनमाने तरीके से जगह नापी जा रही है , कई रसूखदारों के मकान रोड की चौड़ाई में बाधक बन रहे थे जिनको अभयदान देते हुए गलत नाप कर के टेढ़ी-मेड़ी सड़क बनायी जा रही है ।
मामला बस स्टैंड के पास पठार का है जहां सड़क के नीचे पत्थर होने के कारण पत्थर नहीं तोड़ कर ऊंची सड़क बना दी गई है तथा दूसरे साइड करीब 4 – 5 फुट नीची सड़क बनाई जा रही है । जिससे भविष्य में जहां सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ेगी वही जिस सौंदर्यीकरण के नाम पर डिवाइडर बन रहा है उसको ग्रहण सा लगता दिखाई दे रहा है जबकि विभाग चाहे तो दूसरी साइड की सड़क में भी मिट्टी का पुराव करके रोड को समतल किया जा सकता है कथा एक सा रोड बनाया जा सकता है लेकिन दूसरी साइड की सड़क को ऊंचा करने में कई लोगों के मकान नीचे ना हो जाए इसके लिए विभाग द्वारा जानबूझकर सड़क को एक तरफ से ऊंचा एक तरफ से नीचे बनाया जा रहा है जिसको लेकर यहां के लोगों में भारी रोष है तथा इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत भी की गई है लेकिन विभाग द्वारा जानबूझकर ऐसी उबड़ खाबड़ सड़क बनाकर खनियाधाना वासियों के प्रति भारी अन्याय किया जा रहा है । इस सड़क पर रहने वाले करीब एक सैकड़ा परिवारों में अधिकांश का कहना है कि जब हमारे मकानों प्रतिष्ठानों के सामने 3 फीट ऊंचाई में ही सीसी रोड बनाए गए हैं जिसके कारण हमें भारी परेशानी हो रही है तो रसूखदारों के घरों को क्यों बचाया जा रहा है जिसको लेकर नागरिकों में आक्रोश बना हुआ है। वहीं नगर के लोगों का कहना है कि एक तरफ कम ऊंचाई की सड़क बनने से नगर की सुंदरता पर भी काफी असर पड़ेगा तथा भविष्य में इससे सभी परेशान रहेंगे।
बॉक्स
नाली निर्माण में हो रही भारी अनियमिततायें
नगर सीमा में बन रहे लगभग दो किमी के डिवाइडर सीसी रोड के दोनों तरफ नाली का निर्माण किया जा रहा है जिसमें भारी अनियमितताएं देखने को मिल रही है । नियमानुसार 9 इंच मोटाई की नाली को कहीं 4 इंची तो कहीं 5 इंची मोटाई में डाला जा रहा है तथा लोगों के मकानों से काफी ऊंची नालियां बनाई गई है जिससे आए दिन यहां के निवासियों के घरों में पानी घुसेगा जिसमे भी भारी लापरवाही हो रही है।
बॉक्स
इनका कहना है
खनियाधाना में बनाए जा रहे डिवाइडर रोड तथा नालियों में लापरवाही की शिकायत मुझे प्राप्त हुई है जिस के संबंध में मैं आज ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्यवाही करुंगा।
सीबी प्रसाद, एसडीएम पिछोर
-सड़क निर्माण के दौरान हार्ड स्टोन आने पर वहां के रहवासियों द्वारा उसे तोडऩे नहीं दिया गया जिससे मजबूरी में सड़क ऊंची बनानी पड़ रही है तथा दूसरी साइड सड़क को नीचे बनाने की मंजूरी ही हमें शासन से मिली है इसमें हमारी कोई गलती नहीं है। अगर हमें दूसरी तरफ पुराव करने का एस्टिमेट शासन देगी तो हम दोनों तरफ एक समान सड़क बिछाएंगे।
पुष्पेंद्र जैन, ठेकेदार आर के जैन इंफ्रा प्रोजेक्ट कं.लि.






Be First to Comment