
खनियांधाना।
आज शरद पूर्णिमा के दिन संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के
संयम स्वर्ण दीक्षा महोत्सव वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध
जैन अतिशय क्षेत्र श्री गोलाकोट जी पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश
के वित्त एवं वाणिज्य मंत्री जयंत मलैया ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल
विद्यांजलि भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के बनने से अब पहाड़ी पर स्थित
तीर्थ क्षेत्र के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को आवास की परेशानी
समाप्त हो जाएगी तथा श्री मलैया ने इतने कम समय में गोलाकोट क्षेत्र के
चहुमुखी विकास को देखते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा व्यस्तता की वजह से
भविष्य में पुन: सपरिवार आने का कमेटी का निमंत्रण स्वीकार किया। इस अवसर
पर बाल कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा, राजीव जैन कलेक्टर
गुना , संजीव जैन एसडीएम पिछोर सहित तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष श्री एस के
जैन दिल्ली , श्री राकेश जैन वास्तुविद दिल्ली, तथा सतेंद्र जैन दिल्ली में
मंच पर मौजूद थे । इस महोत्सव में शामिल होने के लिए देश के अनेक नगरों से
हजारों श्रद्धालुगण पधारे जिन्होंने क्षेत्र के दर्शन, पूजन ,
महामस्तकाभिषेक व शांति धारा का लाभ लिया। कार्यक्रम का संचालन कवि
चंद्रसेन जैन भोपाल एवं कीर्ति जैन बामोरकला ने किया।
इसके पूर्व प्रात:
काल में प्रतिष्ठाचार्य ब्र. प्रदीप भैया अशोकनगर के सानिध्य में 108
कलशों से मूलनायक श्री आदिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक का कार्यक्रम
प्रारंभ हुआ जिसमे सर्वप्रथम कलश करने का सौभाग्य दिल्ली से पधारे
श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ । इसके बाद शांति विधान का आयोजन पंडाल में
किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में इंद्र इंद्रियों ने मिलकर जिनेंद्र
भगवान की पूजन भक्ति संगीतमय वातावरण में की। दोपहर में आयोजित कार्यक्रम
की श्रंखला में माननीय मंत्री जयंत मलैया जी ने क्षेत्र पर पधारने पर
सर्वप्रथम मूलनायक आदिनाथ भगवान के दर्शन किए तथा नवनिर्मित विद्यांजलि भवन
का एवं भोजनशाला का उदघाटन किया साथ ही सुंदर उद्यान का लोकार्पण किया ।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के माननीय मंत्री ने तीर्थ यात्रियों के
आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए गूडर ग्राम से ऊपर गोलाकोट पहाड़ी
तक 2 किलोमीटर लंबे पक्की सड़क मार्ग के लिए शासन से दो करोड़ पांच लाख
रूपए की स्वीकृति की घोषणा की । कार्यक्रम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त
विद्यांजलि भवन का निर्माण कराने वाले सत्येंद्र जैन दिल्ली एवं उनके
माता-पिता का मंच पर स्वागत किया गया । कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन के
पश्चात दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा सुंदर नृत्य नाटिका का प्रस्तुतीकरण
किया गया तथा गुरूकुलम के बच्चों ने सुंदर प्रस्तुतियां दीं । इस अवसर पर
पुलिस एवं प्रशासन का भी भरपूर सहयोग रहा जिससे जंगल में बसे इस तीर्थ
क्षेत्र पर मंगल की भावना साकार हो सकी।






Be First to Comment