Surgical Strike 2.0 से दो दिन पहले यहां दिखा था संदिग्ध, पुलिस तलाश में जुटी | Gwalior News

ग्वालियर। पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए मंगलवार तड़के भारतीय वायुसेना ने एलओसी के पार जाकर जैश के आतंकी अड्डों को तबाह किया। इस हवाई हमले में मिराज-2000 फायटर जेट्स का इस्तेमाल हुआ। ये फायटर जेट ग्वालियर के महाराजपुरा एयरबेस से उड़े थे। इस हमले के बाद से ही महाराजपुरा एयरबेस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस बीच एक संदिग्ध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संदिग्ध युवक को शहर के सार्जजनिक व भीड़ वाले स्थानों की वीडियोग्राफी करते देखा गया था। पूछताछ करने पर संदिग्ध फरार हो गया था। जिसकी शिकायत भी की गई थी।
पीओके में एयर स्ट्राइक के बाद ग्वालियर वैसे ही दुश्मनों के रडार पर होगा। ऐसे में वीडियोग्राफी करने वाले संदिग्ध का फुटेज मिलने के बाद पुलिस उसे गंभीरता से लेकर उसकी तलाश कर रही है।
दो दिन पहले एक युवक को शहर के बाड़ा, रॉक्सीपुल व ऐसे प्वाइंट जहां सुबह व शाम के समय भीड़ अधिक होती है। वहां की वीडियोग्राफी करते हुए देखा गया था। हैरत की बात यह थी कि यह युवक छुपकर वीडियो बना रहा था। जब उसे कुछ लोगों ने टोका तो वो कोई जवाब दिए, बिना वहां से चलना शुरू कर दिया। पीछा करने पर वह भाग गया।
इसके बाद हिन्दू सेना के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस कप्तान नवनीत भसीन को देते हुए अलर्ट किया था। जिसके बाद जहां-जहां युवक के देखे जाने की सूचना दी थी वहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जिसमें संदिग्ध युवक के फुटेज मिल गए हैं। अब पुलिस इन फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।