Press "Enter" to skip to content

असुनवाई के बाद SP निवास जाते समय फरियादी को करैरा पुलिस ने रोका

आनन-फानन में कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
शिवपुरी। करैरा के ग्राम टीला में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद वहां जमकर कुल्हाड़ियां और लाठियां चलीं जिसमें एक पक्ष में दो लोग घायल हो गए जो आरोपी पक्ष की शिकायत करने थाने पहुंचे तो करैरा पुलिस ने उनकी फरियादी को नहीं सुना जिससे नाराज होकर फरियादी पक्ष शिवपुरी के लिए रवाना हो गया जहां रात्रि में वह एसपी निवास पर शिकायत करने पहुंच रहे थे उसी समय करैरा पुलिस ने एमएम हॉस्पिटल के पास रोक लिया और उन्हें एसपी निवास पर नहीं जाने दिया। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस घायलों को लेकर अस्पताल आ गई जहां कोतवाली में शून्य पर मामला कायम कर प्रकरण करैरा थाने में पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार पहलवान पुत्र लक्ष्मण लोधी शाम के समय अपने खेत पर काम कर रहा था उसी समय सियाराम लोधी, हरज्ञान लोधी, हरदेव लोधी, जानकीदास लोधी, गजेन्द्र लोधी और मेहरबान सिंह लोधी वहां पहुंचे। जिन्होंने पुराने जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पीड़ित पहलवान सिंह का आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। जब उसकी पत्नी जामवती उन्हें बचाने आई तो उन्होंने उसकी भी मारपीट कर दी। बाद में जब वह मामले की शिकायत करने करैरा थाने पहुंचे तो आरोप है कि पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। जबकि दूसरे पक्ष की पुलिस सुनवाई कर रही है जिस कारण वह रात्रि में ही मामले की शिकायत करने एसपी निवास के लिए शिवपुरी रवाना हो गए, लेकिन करैरा पुलिस भी उनके पीछे-पीछे आ गई और पुलिसकर्मियों ने उन्हें एमएम हॉस्पिटल के पास रोक लिया। बाद में जब कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से जाने दिया। बाद में जब वह एसपी कोठी पहुंचे तो एसपी बाहर होने के कारण उन्हें नहीं मिले तब कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझा बुझाकर अस्पताल ले आई जहां मेडिकल कराने के बाद कोतवाली पुलिस ने शून्य पर कायमी कर ली। 
इनका कहना है
जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो लोग आपस में भिड़ गए जहां दोनों पक्षों को चोट आई हैं। एक पक्ष अस्पताल में भर्ती है जबकि दूसरे पक्ष को अस्पताल बाद में ले जाया गया है। इसी दौरान उक्त पक्ष ने पुलिस पर असुनवाई का आरोप लगा दिया जो सही नहीं है। कोतवाली पुलिस ने कायमी कर ली है जिसकी जांच की जाएगी।
प्रदीप वाल्टर टीआई करैरा 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!