दोनों पक्ष के चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर, क्रॉस मामला दर्ज
शिवपुरी। सीहोर थाना क्षेत्र ग्राम दतला में रविवार को एक ही परिवार के सदस्य खेत में पानी डालने को लेकर आपस में झगड़ गए जहां दोनों ओर से जमकर लाठी लुहांगी और कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया। इस बलवा में एक युवक के सिर में कुल्हाड़ी लगने से गंभीर चोट आ गई जिससे वह घायल हो गया। जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोगों को भी चोटें आई हैं। इन सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने उक्त मामले में दोनों पक्षों पर क्रॉस कायमी कर ली है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश पुत्र हरनाम सिंह गुर्जर और उसके परिवार का रामनिवास पुत्र पहाड़सिंह गुर्जर का खेत पास पास है। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रकाश खेत में लेजम डालकर सिंचाई कर रहा था जिस पर रामनिवास गुर्जर ने आपत्ति दर्ज कराते हुए उसके खेत में डाली गई लेजम हटा दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मुंहवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों ओर से परिवार के अन्य सदस्य भी वहां आ गए जो लाठी, लुहांगी और कुल्हाड़ी लिए हुए थे।
विवाद बढ़ा तो दोनों ओर से एक दूसरे पर प्रहार शुरू हो गए। इस घटना में प्रकाशसिंह गुर्जर के सिर में कुल्हाड़ी लगी तो उसका सिर फट गया और वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया जबकि प्रकाश के परिवार वालों ने रामनिवास सहित रघुनाथ गुर्जर और इंदरसिंह गुर्जर पर हमला बोलकर घायल कर दिया जिससे वह तीनों भी घायल हो गए। बाद में मामला थाने में पहुंचा जहां पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह की रिपोर्ट पर से आरोपित मोहर सिंह, जेन्दर सिंह, बंटी, इंदल सिंह, पप्पू, गोविन्द सिंह, कालू और बंटी उर्फ रामनिवास गुर्जर के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया जबकि रामनिवास गुर्जर की ओर से प्रकाश सिंह गुर्जर, धर्मेंद्र सिंह, रामहेत सिंह, रबेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, प्रदीप सिंह और अरविंद सिंह के खिलाफ कायमी कर ली है।






Be First to Comment