मामला दर्ज किया, लेकिन जांच भी की शुरू
शिवपुरी। नरवर कस्बे से दुकान बंद कर घर जा रहे एक बाइक मैकेनिक सुकराम कुशवाह निवासी मौजपुर का विगत शाम 4 से 5 की संख्या में आए लोगों ने अपहरण करने के मामले में पुलिस ने हालांकि अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध भादवि की धारा 342 के तहत प्रकरण अवश्य दर्ज कर लिया है, लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। नरवर थाना प्रभारी रामअवतारसिंह ने बताया कि फरियादी बता रहा है कि उसे चार-पांच लोगों ने पकड़ लिया और बंधक बनाकर जंगल में ले गए। जहां से वह रस्सी तोड़कर भाग आया, लेकिन अपहरणकर्ताओं ने उसका मोबाइल क्यों नहीं छिनाया? वहीं फरियादी यह भी नहीं बता रहा कि अपहरणकर्ताओं ने उसका अपहरण क्यों किया? पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि चार से पांच की संख्या में कुछ लोग उसे रास्ते से उठाकर ले गए और उसे मड़ीखेड़ा के जंगल में बंधक बनाकर रखा था, लेकिन रात में वह अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर अपने बंधन खोलकर वहां से भाग आया था। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर आए अपहृत सुकराम पुत्र सुगरसिंह कुशवाह उम्र 26 वर्ष ने पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि गुरूवार की शाम करीब 7:30 बजे वह नरवर में स्थित अपनी दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला था जहां रास्ते में उसे चार-पांच अज्ञात लोगों ने घेर लिया और उसे पकड़कर उसके हाथ पैर रस्सी से बांध लिए। इसके बाद उसे जंगल में ले गए। जहां रात करीब 11 बजे जब अपहरणकर्ता लघुशंका आदि के लिए चले गए तो वह किसी तरह रस्सी के बंधन को खोलकर उन्हें चकमा देकर वहां से निकल आया और रात 1:30 बजे वह जंगल में चलने के बाद वह घर पहुंचा और शुक्रवार को उसने थाने में घटना की जानकारी दी।





Be First to Comment