शिवपुरी।जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के तहत आने वाली अमोला घाटी के जंगलों में पुलिस को तीन दिन पुरानी लाश मिली है। युवक की हत्या कर उसे यहां हमलावर फेंक गए हैं। मामले में पुलिस पुलिस ने केस दर्ज कर हत्या करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि युवक कोटवार था।
सुरवाया पुलिस को सूचना मिली कि घाटी के जंगलों में एक युवक की लाश पड़ी हुई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और घाटी के नीचे लाश पड़ी देखी। पुलिस मामले को हत्या का मानकर चल रही थी। घटना की सूचना पुलिस ने एफएसएल प्रभारी डॉ. हरीसिंह बरहादिया को दी। सूचना पर बरहादिया मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच-पड़ताल की। बरहादिया ने बताया कि युवक के कपड़ों की तलाशी ली तो पता चला कि उसका नाम सुगरसिंह परिहार है जो ग्राम जुझाई का रहने वाला है। बरहादिया ने बताया कि लाश को देखकर ऐसा लगता है कि पहले इसकी हत्या गोली मारकर की गई और फिर लाश को बाइक पर रखकर लाश को जंगल में फेंक दिया। मृतक के दो जगह गोली मारी गई जो एक पीठ में और दूसरी गर्दन में दाएं कान के पास लगी है। हत्यारों ने लाश के शरीर से खून न बहे इसके लिए उसे साफी से बांधा और बाइक पर लेजाकर जंगल में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है



