
शिवपुरी। शहर के मध्य पटेल पार्क की ओर जाने वाले मुख्य आम मार्ग पर बीते एक हफ्ते से अवैध भवन निर्माण कार्य हो रहा है। जब इसे लेकर स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की तब भी कोई कार्यवाही नहीं हुई और आज हफ्ता भर बीतने के बाद भी जहां अतिक्रामक अपने अतिक्रमण कार्य को दिनों दिन बढ़ा रहा है तो वहीं दूसरी ओर कार्यवाही ना होने से पटेल पार्क जाने वाले नागरिकों में रोष व्याप्त है। इस मामले में जिला प्रशासन व नगर पालिका से शीघ्र उचित कार्यवाही की मांग स्थानीय नागरिकों ने की है।
जानकारी के अनुसार पटेल नगर में आम रास्ते पर अतिक्रमण किया जा रहा है जब यहां हो रहे अतिक्रमण को लेकर स्थानीय नागरिक अशोक कुमार अग्रवाल द्वारा नगर पालिका को शिकायत की गई तो इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इस पर अशोक अग्रवाल ने मौके पर ही अतिक्रमण को लेकर सीएम हेल्पलाईन 181 पर शिकायत कर दी। इस शिकायत में बताया गया है कि अतिक्रमण को यहां कोलार से शिवपुरी आकर रहने वाले गोपाल श्रीवास्तव नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। जिस पर लिखित में शिकायत भी नगर पालिका एवं जिला प्रशासन को की गई है चूंकि इस अतिक्रमण हो जाने के कारण पटेल पार्क आने-जाने वाले नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और इस अतिक्रमण से मार्ग पर भी संकुचित हो जाएगा। ऐसे में शासकीय भूमि पर होने वाले किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन को मामला संज्ञान में लेना चाहिए जिस प्रकार से स्थानीय नागरिक द्वारा तुरंत अतिक्रमण देखते हुए शिकायत की गई उस पर अभी तक ना तो जिला प्रशासन ने ध्यान दिया और ना ही नगरीय क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्था नगर पालिका ने जिसके चलते अतिक्रामक का निर्माण कार्य दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इसके पूर्व भी यहां शासकीय भूमि पर करीब 1600 वर्ग फिट की जगह पर अतिक्रमण कर भवन तान दिया गया और आज वह भवन तना हुआ नजर आता है जिसकी बाजारू कीमत करीब 16 लाख आंकी जा रही है। वहीं अब एक बार फिर से पटेल पार्क की ओर जाने वाले आम रास्ते पर अतिक्रमण कर भवन बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। यदि समय रहते इस तरह होने वाले अतिक्रमणों पर रोक नहीं लगी तो वह दिन भी दूर नहीं जब शासकीय भूमि पर आए दिन कब्जे होने लगेंगें और प्रशासन बाद में लंबे समय बाद कार्यवाही करेगा तब उसे जनता के विरोध और अतिक्रामक द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में स्थानीय नागरिकों ने इस ओर शीघ्र जिला प्रशासन से उचित कदम उठाए जाकर होने वाले अतिक्रमण को रोकने की गुहार लगाई है।






Be First to Comment