घटना के बाद बाइक छोड़ भागे युवक, पहुंची पुलिस
शिवपुरी। तेज रफ्तार फर्राटे भरने वाले बाइक सवारों पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है और इनकी ये हरकतें अन्य लोगों के लिए घातक साबित हो रही हैं। देहात थाना क्षेत्र में हाइवे पर बड़ौदी के निकट बुधवार की दोपहर करीब 11 बजे ऐसा ही हादसा सामने आया जब अपनी स्कूटी से बांसखेड़ी स्कूल जा रहे शिक्षक रविशंकर श्रीवास्तव की स्कूटी में पीछे से लाल कलर की बाइक पर सवार होकर आ रहे दो युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि बाइक का भी पहिया टूट गया। हादसे में शिक्षक के कंधे व छाती में गंभीर चोट आईं। घटना के बाद युवक बाइक को वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गए। इसी समय स्कूल जा रहे अन्य शिक्षकों ने तत्काल डायल 100 को सूचित किया जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पीछे बैठा युवक संभाले था हैंडिल
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हाइवे पर जिस लाल रंग की बाइक से दुर्घटना हुई है उस पर सवार दोनों युवक घटना के समय तेज रफ्तार में स्टंड कर रहे थे। उनके मुताबिक आगे बैठा युवक दोनों हाथ हवा में लहरा रहा था जबकि पीछे सवार युवक ने बाइक का हैंडिल थाम रखा था और इसी दौरान इन युवकों ने आगे जा रही शिक्षक की बाइक में टक्कर मार दी। हैरानी की बात यह है कि मौके पर जो बाइक युवक छोड़ गए उस पर कोई नंबर भी नहीं है।






Be First to Comment