शिवपुरी। पुलिस थाना करैरा को आज एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मात्र 2 घंटे में 4 साल के अबोध बालक के अपहरण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं 4 वर्षीय बालक को परिजन के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नगर निरीक्षक सतीश चौहान ने बताया कि दिनांक 29 मई को सागर ताल, करेरा निवासी सपना पत्नी आकाश बंशकार उम्र 27 साल ने थाना करैरा में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मेरा लड़का निहाल उम्र 4 साल व लड़की नंदिनी उम्र 7 साल दोनों घर के बाहर खेल रहे थे। मेरे पति रिश्तेदारी में बाहर गए थे, सुबह करीब 8 बजे एक बाइक से दो अज्ञात व्यक्ति आए और घर के बाहर खेल रहे लड़के को उठाकर बाइक पर बैठा कर अपने साथ ले गए।
फोन कर मांगे 50 हजार रुपए
मेरे लड़के को ले जाते हुए पड़ोस के सुरेंद्र प्रजापति ने भी देखा है, फिर मैंने अपने पति आकाश को फोन करके बताया कि निहाल को दो अज्ञात व्यक्ति बाइक पर बैठा कर ले गए हैं। थोड़ी देर बाद मेरे पति के मोबाइल पर अज्ञात लोगों ने फोन किया कि तुम 50 हजार रुपए ले आओ और अपने बच्चे को ले जाओ। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना के बारे में अवगत कराया गया।
2 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी जीडी शर्मा करेरा के निर्देशन में थाना प्रभारी करेरा निरीक्षक सतीश चौहान ने एक टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई कर 2 घंटे के अंदर आरोपी अजय पुत्र मूलचंद बंशकार उम्र 33 साल निवासी कूड थाना दिनारा को गिरफ्तार कर व बालक निहाल को दस्तयाब कर लिया। बालक को परिजनों के सुपुर्द किया और बाइक क्रमांक यूपी 93 एजे 8678 को भी जब्त किया।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक सैयद साजिद हुसैन, दुर्गा चरण शर्मा, आरक्षक सोनू पांडे, काले खान, मनीष कोरी, चालक शैलेंद्र पाल, आरक्षक मोहन बघेल की सराहनीय भूमिका रही।






Be First to Comment