शिवपुरी। मायापुर थानांतर्गत ग्राम हरपौन में एक ग्रामीण के बच्चों को पोषण आहार योजना की मूंग नहीं मिली तो उक्त ग्रामीण इतना भड़क गया कि उसने शिक्षक की पिटाई कर दी। शिक्षक ने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक विद्यालय हरपौन में पदस्थ शिक्षक नीरज सिंह रघुवंशी निवासी अशोकनगर हाल निवासी शाप्रावि हरपौन ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि 19 मई को वह दोपहर दो बजे शासकीय उचित मूल्य की दुकान हरपौन पर प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना के तहत छात्रों को मूंगदाल वितरण कर रहा था। उसी समय ग्राम हरपौन का ही राजू पुत्र इंद्रभान यादव अपने दो साथी लाखन सिंह यादव व भोला यादव के साथ आया और शिक्षक को कहा कि तुम हमारे बच्चों को मूंग वितरण क्यों नहीं करवा रहे हो। इस पर शिक्षक ने राजू से कहा कि तुम्हारे बच्चे हरपौन स्कूल में नहीं पढ़ते हैं इसलिए उन्हें मूंग नहीं मिलेगी। इसी बात पर तीनों शिक्षक को गालियां देने लगे। जब शिक्षक ने गालियां देने से मना किया तो राजू ने पोषण आहार वितरण रजिस्टर फाड़ दिया और शिक्षक के साथ मारपीट कर दी। शिक्षक की शिकायत को दो दिन बीत जाने के बाद भी मामले में अभी तक कोई एफआइआर दर्ज नहीं की है। एफआइआर दर्ज न होने से शिक्षक संगठन इस तरह के कार्यक्रमों का बहिष्कार करने की बात कह रहे हैं। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि मूंग वितरण शिक्षकों का काम नहीं है।
एफआइआर न करने पर पुलिस बोली पार्टी बंदी का मामला
इस पूरे मामले में जब मायापुर थाना प्रभारी हरिशंकर शर्मा से बात की गई तो उनका कहना था कि यह मामला शासकीय कार्य में बाधा का नहीं बल्कि पार्टी बंदी यानी दो पक्षों के बीच का विवाद है। जिस समय घटना हुई थी शिक्षक न तो शासकीय कार्य कर रहा था और न ही कंट्रोल पर मौजूद था। इस कारण मामले में शासकीय कार्य में बाधा का मामला नहीं बनता है, केवल मामूली सी कहासुनी हुई है।
मुझसे रजिस्टर छीनकर ले गया, लौटते में पीटा
जब शिक्षक नीरज रघुवंशी से पूरे प्रकरण में बात की गई तो उनका कहना था कि पुलिस जिस चबूतरे पर घटना घटित होने की बात कह रही है, वह चबूतरा राशन की दुकान के सामने ही है। इसके अलावा जब राजू ने उससे रजिस्टर और कूपन छीने थे तब वह कंट्रोल की दुकान पर ही था। इसके बाद वह उससे रजिस्टर व कूपन मांगने के लिए उसके घर गया था और लौटते समय रास्ते में राजू मिल गया व मारपीट कर दी। शिक्षक के अनुसार वह अशोकनगर जिले का रहने वाला है उसे गांव की पार्टी बंदी से क्या लेना देना है।






Be First to Comment