कोलारस पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब / Kolaras News

शिवपुरी। एसपी राजेशसिंह चंदेल द्धारा अवैध शराब, ड्रग्स, सट्टा, जुआ आदि के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कोलारस पुलिस द्धारा 20 मई को चैकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुना तरफ से शिवपुरी की ओर फोर लाइन पर एक स्विफ्ट डिजायर कार आ रही है। जिसको पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उक्त कार के ड्रायवर ने कार को भगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। जब चालक से नाम पूछा तो उसने अपना नाम नरेंद्र शिवहरे निवासी पहेला थाना कराहल होना बताया। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम बलवीरसिंह रावत निवासी मितौजीकला थाना तेंदुआ का होना बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 18 पेटी देशी मदिरा की रखी हुई मिली जिसकी कीमत करीबन 62 हजार रूपए थी। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।