शिवपुरी। शिवपुरी के कोलारस अनुविभाग के बेरखेड़ी गांव में एक प्रसूता की मौत समय पर 108 एंबुलेंस न पहुंचने के चलते हो गई। प्रसूता के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही करने का आरोप लगाया हैं।
जानकारी के अनुसार बेरखेड़ी गांव के बलवंत आदिवासी की पत्नी सोमवती आदिवासी गर्भवती थी। जिसको आज सुबह प्रसव पीड़ा होने लगी पत्नी ने यह बात अपने पति बलवंत को बताई। बलवंत ने एंबुलेंस के लिए कई मर्तबा 108 नंबर पर कॉल किए लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची इसके बाद उसने डायल हंड्रेड को भी फोन लगाया लेकिन वह भी गांव नहीं आई। जिसके चलते प्रसूता की गांव में ही मौत हो गई।
सचिव-सरपंच ने नहीं की मदद
बलवंत आदिवासी ने बताया कि जब एंबुलेंस बेरखेड़ी गांव उसकी पत्नी को लेने नहीं पहुँची तो उसने कई मर्तबा पंचायत सचिव को फोन लगाए लेकिन पंचायत सचिव ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद उसने सरपंच से भी मदद की गुहार लगाई, सरपंच ने मदद करने का दिलासा जरूर दिया लेकिन मदद को सरपंच भी नहीं पहुंचा। इस दौरान पत्नी की मौत हो गई।
इनका है कहना
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन का कहना है कि मृतिका के पति के द्वारा 108 एंबुलेंस को फोन पर सूचना दी गई थी। लेकिन एंबुलेंस बेरखेड़ी की जगह दूसरे गांव बरखेड़ी पहुंच गई। 108 एंबुलेंस चालक को नोटिस जारी किया गया है साथ ही इस पूरे मामले की जांच कमेटी बनाई गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






Be First to Comment