शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला अस्पताल कुप्रबंधन के किस्से आए दिन सामने आ रहे हैं, लेकिन इतना सबकुछ होने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन अपनी व्यवस्थाओं में कोई भी सुधार करने को तैयार नहीं है। यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों को कभी पलंग तो कभी एसी व पंखे न चलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है तो कभी स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण मरीज परेशान होते दिखाई देते हैं।
ऐसा ही एक किस्सा तब सामने आया जब करैरा के रहने वाले एक युवक का पैर चोटिल हो गया। युवक को दिखाने के लिए उसका जीजा मुरारी रजक करैरा से उसे अपने साथ सोमवार को जिला अस्पताल लाया। अस्पताल आते ही मुरारी रजक ने स्ट्रेचर ढूंढना शुरू किया लेकिन हर जगह तलाशने के बाद भी स्ट्रेचर नहीं मिला तो ऐसे में जीजा ने फैसला लिया और खुद ही स्ट्रेचर बन गया और अपने साले को कंधे पर बैठाकर अस्पताल के अंदर डॉक्टर को दिखाने ले गया।
लिफ्ट भी बंद
अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगवाई गई थी लेकिन कुप्रबंधन के चलते यह लिफ्ट भी चालू नहीं हो पाई है। बीमार मरीज व जिन मरीजों का पैर फैक्चर है वह सीढ़ियों से अस्पताल के अगले फ्लोर पर जा रहे हैं ऐसे में कभी भी कोई गंभीर हादसा घटित हो सकता है लेकिन अस्पताल प्रबंधन को इससे कोई लेना—देना नहीं है।






Be First to Comment