शिवपुरी। कोतवाली पुलिस को शिक्षक द्वारा डंडा बैंक के संचालक के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत के उपरांत अब कुछ और शिकायतें कोतवाली पुलिस को प्राप्त हुई हैं। पुलिस को आशंका है कि रवि के सताए हुए और भी कई लोग जिले भर में हो सकते हैं। इसी के चलते शनिवार को पुलिस ने रवि यादव के खिलाफ शहर में मुनादी करवाई।
उल्लेखनीय है कि 12 मई को ठकुरपुरा निवासी सहायक शिक्षक परमानंद परिहार ने डंडा बैंक के संचालक बर्खास्त होमगार्ड सैनिक रवि यादव के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने रवि यादव से चार अगस्त 2017 को चार लाख रुपये दो प्रतिशत के ब्याज पर उधार लिए थे। इसके एवज में रवि यादव ने उससे एटीएम के अलावा चार हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक, दो हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक गारंटर जगन्नााथ बघेल के लिए। इसके बाद रवि ने 27 महीने तक हर माह शिक्षक के बैंक अकाउंट से 20 हजार रुपये महीने निकाले। इस तरह उसने चार लाख रुपये के पांच लाख 40 हजार रुपये वसूल कर लिए। इसके बाद भी रवि शिक्षक पर 20 फीसद ब्याज से रुपये वापस करने की मांग कर रहा था। रवि की गिरफ्तारी होते ही कोतवाली पुलिस को कुछ और लोगों ने भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस की पड़ताल में यह भी बात सामने आई है कि रवि के सताए हुए शहर में कई लोग मौजूद हैं। फिलहाल रवि पुलिस के रिमांड पर है।
इनका कहना है
-कोतवाली थाने में कुछ शिकायतें और आई हैं, जिसके बाद हमने भी अपने थाना क्षेत्र सहित शहर में मुनादी करवा दी है कि अगर कोई रवि यादव द्वारा प्रताड़ित हो तो वह थाने आकर शिकायत कर सकता है। यदि लोग सामने आकर शिकायत करेंगे तो वह अपना पैसा बचा पाएंगे।
-विकास यादव, थाना प्रभारी देहात




