शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र आज भी पानी, सड़क, स्वच्छता जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। गर्मी में लोगों को नियमित पानी नहीं मिल पा रहा, आंतरिक सड़कों को ढ़ांचा बिगड़ा हुआ है, चारों ओर गंदगी के ढ़ेर दिखाई देते हैं। नगर पालिका प्रशासन की पूरी कार्यशैली इसमें कठघरे में खड़ी दिखाई देती है। पिछले दिनों कैबिनेट मंत्री तक इन समस्याओं की जानकारी पहुंची तो फिर एक के बाद एक बैठकों का दौर शुरू हुआ। मंत्री ने बैठकों में सख्त तेवर दिखाए तो अफसरों को जनता की परेशानी समझ आई। आठ दिन तक पानी की जो सप्लाई बंद पड़ी हुई थी वह अगले 24 घंटे में चालू करा दी गई। दो दिन पहले हुई बैठक के बाद ही करीब दो दर्जन विकास कार्य फिर से शुरू हो गए हैं। जबकि यह सभी ऐसे काम थे जो अधिकारी खुद अपने स्तर पर भी शुरू कर सकते थे, लेकिन इसके बाद भी किए नहीं गए। महीनों से यह काम बंद पड़े हुए थे, लेकिन अब चंद दिनों ही हो गए। कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका ने फतेहपुर क्षेत्र में पानी की लाइन, नाली निर्माण, आदर्श नगर में सड़क निर्माण, वार्ड 14 में बाल्व का काम, धाकड़ मोहल्ले और करौंदी की सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। वहीं कई जगह बाल्व लगाने का काम भी हो गया है।
अधिकारी हुए फेल तो मंडल अध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारी
शहर की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से रखने में जब अधिकारी फेल हो गए तो यशोधरा राजे ने भाजपा के मंडल अध्यक्षों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी। एक हफ्ते से पुरानी शिवपुरी मंडल अध्यक्ष केपी परमार, नगर मंडल अध्यक्ष विपुल जैमिनी ने अपने-अपने क्षेत्र के वार्डों का दौरा किया और करीब एक दर्जन परेशानियों को चिन्हित किया। इसके बाद इन पर काम करना शुरू किया गया। नतीजा यह रहा है कि पिछले तीन दिन में 90 प्रतिशत जगहों पर काम फिर से शुरू हो गया है। हालांकि कई समस्याएं अभी भी बची हुई हैं। कुछ दिनों में स्पष्ट होगा कि लोगों की समस्याएं वास्तविक रूप से सुलझी हैं या फिर यह सिर्फ राजनीतिक स्टंट साबित होता है।
पोकलेन व जेसीबी मशीन से होगी गहरे नालों की सफाई
नगर पालिका द्वारा पोकलेन मशीन को गहरे नालों में उताकर सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया हैं। जहां जेसीबी से सफाई संभव है वहां जेसीबी से सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसमें बस स्टैंड स्थित नाले में सफाई का कार्य भी नपा ने शुरू कर दिया है। मनियर स्थित नाला, बस स्टैंड, रामपौर दरवाजा वाला, कमलागंज स्थित जाटवपुल महावीर नगर, छोटा लुहारपुरा, बड़ा पुल, नाले पोकलेन मशीन को उतार कर सफाई कराई जाएगी वहीं नबाब साहब, राजेश्वरी मंदिर का नाला, सब्जी मंडी के पीछे अस्पताल चैराहा का नाला नगरपालिका के वाहनों से सफाई होगी नालों की सफाई 15 जून तक कराने के निर्देश दिए हैं। नालों की सफाई की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी पूर्व नपा उपाध्यक्ष भानू दुबे को दी गई है।






Be First to Comment