शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के सहीसपुरा में शनिवार रात मस्जिद के पास सीसी सड़क निर्माण को लेकर विवाद हो गया। सड़क निर्माण का विरोध करते हुए पूर्व नगर पालिका कर्मचारी जमील खान मिक्सचर वाहन के सामने लेट गए और काम रुकवा दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, जमील खान की मांग थी कि सड़क निर्माण से पहले नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएं और सीसी नालियों का निर्माण कराया जाए। अपनी मांग को लेकर उन्होंने दीवार पर बैनर भी चिपकाया था। वहीं मस्जिद के आसपास रहने वाले लोग सड़क निर्माण कराना चाहते थे और नालियों पर अतिक्रमण को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
सूचना मिलने पर फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस जमील खान को थाने ले गई। थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ के अनुसार, थाने पहुंचे जमील खान के परिजनों ने सड़क निर्माण पर आपत्ति नहीं करने की सहमति दी। इसके बाद जमील खान को परिजनों के साथ जाने दिया गया।
सहीसपुरा में सीसी सड़क निर्माण को लेकर विवाद, मिक्सचर वाहन के सामने लेट गए पूर्व नगर पालिका कर्मचारी; मारपीट का आरोप / Shivpuri News



