शिवपुरी। जिले में घरेलू प्रताड़ना और महिला की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। कोलारस के ग्राम खरई की रहने वाली मनीषा जाटव ने अपने पति घनश्याम जाटव, दो देवरों और सास पर लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
महिला के मुताबिक, उसका विवाह वर्ष 2010 में ग्राम खरई निवासी घनश्याम जाटव के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य उसे प्रताड़ित करने लगे थे। पति और दोनों देवर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करते थे। पति उस पर झूठे आरोप लगाकर घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाता था। महिला ने पूर्व में उसका हाथ काटने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि उसने वर्षों तक इस उम्मीद में प्रताड़ना सहन की कि एक दिन हालात सुधर जाएंगे, लेकिन उत्पीड़न बढ़ता गया। आरोप है कि 29 अक्टूबर को भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद वह ससुराल छोड़कर अपनी बहन के पास ग्वालियर चली गई। महिला का दावा है कि वह 30 अक्टूबर को बिना नकदी, जेवरात और स्त्रीधन लिए केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकली थी। वर्तमान में वह शिवपुरी के ग्वालियर बायपास क्षेत्र में किराए से रह रही है।
महिला ने बताया कि उसके ससुराल पक्ष द्वारा उसके खिलाफ कोलारस थाने में शिकायत की गई थी। इसके बाद वह स्वयं थाने पहुंची और अपनी आपबीती पुलिस के सामने दर्ज कराई। आरोप है कि 21 नवंबर 2026 को जब वह बयान दर्ज कराने थाने पहुंची, तब उसका पति और दोनों देवर भी वहां आ गए और उसके साथ गाली-गलौज एवं हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि बयान दर्ज कराने के बाद भी पुलिस द्वारा उसे बार-बार फोन कर दोबारा बयान देने के लिए बुलाया जा रहा है। उसे आशंका है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।
मनीषा जाटव ने पुलिस अधीक्षक से पति एवं ससुरालजनों से सुरक्षा दिलाने और कोलारस पुलिस को बार-बार बयान के लिए नहीं बुलाने के निर्देश देने की मांग की है।
16 साल का रिश्ता छोड़कर पहने कपड़ों में घर से निकली महिला, अब पति और देवरों से जान का खतरा; एसपी के दरबार में लगाई सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News




