शिवपुरी। जिले के करैरा क्षेत्र में मकान खरीदने के नाम पर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम बड़ौरा निवासी गणेशराम साहू ने सोनू साहू और उसके दो भाइयों दीपक साहू व अशोक साहू पर मकान का सौदा कर पूरी रकम लेने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराने और बाद में उसी मकान का विक्रय पत्र दूसरी महिला के नाम कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने 24 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गणेशराम साहू ने 15 नवंबर 2025 को सोनू साहू के साथ मकान का लिखित अनुबंध किया था। मकान की कुल कीमत 19 लाख रुपये तय हुई थी। गणेशराम का दावा है कि उन्होंने अनुबंध से पहले ही पूरी रकम सोनू साहू को दे दी थी। अनुबंध में तीन महीने बाद उनके पक्ष में रजिस्ट्री कराने की बात तय हुई थी।
आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद जब गणेशराम ने रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो सोनू ने उन्हें 10 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन चेक की राशि आज तक उनके खाते में जमा नहीं हुई।
गणेशराम का आरोप है कि अनुबंध के बावजूद सर्वे नंबर 357/2/1 में स्थित 1708 वर्गफुट में निर्मित मकान का विक्रय पत्र 15 जून 2026 को संगीता पत्नी दीपक राय निवासी ग्राम टीला के नाम कर दिया गया। इस विक्रय पत्र को लेकर उन्होंने नामांतरण प्रक्रिया में आपत्ति भी प्रस्तुत की है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे।
गणेशराम साहू ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सोनू साहू और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, 19 लाख रुपये वापस दिलाने तथा संबंधित मकान के नामांतरण की प्रक्रिया में उनके अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।
19 लाख रुपये लेकर दूसरे के नाम कर दिया मकान का बैनामा, गणेशराम साहू ने सोनू और उसके दो भाइयों पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप; SP से शिकायत / Shivpuri News




