,

उधार सामान और रुपयों की मांग का विरोध करने पर दूध डेयरी कर्मचारी से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के नवाब साहब रोड स्थित मिराया दूध डेयरी पर काम करने वाले एक कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ऋषि सेन पुत्र शिवचरण सेन ने कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर नवाब साहब रोड निवासी सुमंत वाल्मीकि के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ऋषि सेन संतोष राठौर की दूध डेयरी पर मजदूरी करता है। आरोप है कि सुमंत वाल्मीकि आए दिन दुकान पर आकर उधार सामान ले जाता था और मना करने पर गाली-गलौज कर धमकी देता था। पीड़ित का आरोप है कि 18 नवंबर को जब दुकान पर मालिक मौजूद नहीं थे, तब आरोपी दुकान पर आया और रुपयों की मांग करने लगा। मना करने पर वह गलेवान पकड़कर उसे पास की गली में ले गया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट कर दी।

पीड़ित ने आवेदन में शरीर पर चोटें आने और जाते समय आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ऋषि सेन ने कोतवाली पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।