,

शिवपुरी बनेगा ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों की नर्सरी: ज्योतिरादित्य सिंधिया, 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ / Shivpuri News

शिवपुरी: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक) का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में शिवपुरी नई खेल प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में उभर रहा है। उनका सपना है कि शिवपुरी के खिलाड़ियों के सपने ओलंपिक तक पहुंचें और यहां का कोई बेटा या बेटी देश के लिए ओलंपिक पदक जीते।

कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भी शुभारंभ किया। इस दौरान सिंधिया खुद क्रिकेट के मैदान में उतरे और बल्ले पर हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

38 प्रदेशों के 765 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

शिवपुरी में पहली बार आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में देश के 38 प्रदेशों से 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी भाग ले रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव की बात है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं, बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने आए हैं।

पिताजी के खेलों के प्रति सपने को साकार करने का प्रयास

सिंधिया ने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स उनके पूज्य पिताजी के नाम पर है। उनके पिताजी खेलों को केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम मानते थे। उनका सपना था कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलें। आज इसी परिसर में देशभर के सैकड़ों खिलाड़ियों को खेलते देखना उनके लिए संतोष का विषय है।

शिवपुरी में खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी का शिवपुरी में स्थापित होना भी बड़ी उपलब्धि है। जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि शिवपुरी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों का केंद्र बन रहा है।

शिवपुरी की बेटियों को दी बधाई

सिंधिया ने क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए क्रिकेटर कपिल यादव की बेटियों दक्षता यादव एवं लावन्या यादव का अंडर-17 मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम में चयन होने पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर देने की है।

मोदी सरकार में खेलों को मिला नया प्रोत्साहन

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के प्रति सोच और सुविधाओं में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों से स्कूल स्तर पर प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश की बढ़ती खेल क्षमता को दर्शाता है।

सिंधिया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में कोई पदक जीतकर लौटेगा तो कोई अनुभव और नई प्रेरणा लेकर जाएगा, लेकिन हर खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ना ही इस आयोजन की वास्तविक सफलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवपुरी से आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे और एक दिन यहां का खिलाड़ी ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएगा।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, सुरेश राठखेड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।