,

दीपावली पर कोर्ट रोड पर ठेले लगाने की अनुमति मांगने कलेक्टर के पास पहुंचे छोटे व्यापारी, भारी ब्याज पर लिया है दुकान का सामान / Shivpuri News

शिवपुरी। दीपावली त्योहार के दौरान कोर्ट रोड पर अस्थाई ठेले लगाकर कारोबार करने की अनुमति देने की मांग को लेकर मंगलवार को शहर के छोटे ठेला व्यवसायियों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा। व्यापारियों ने नगर पालिका को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।

आवेदन में ठेला व्यवसायियों ने बताया कि वे गरीब एवं छोटे व्यापारी हैं और दीपावली का त्योहार उनके सालभर की आजीविका के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। त्योहार पर कारोबार की उम्मीद में उन्होंने बाजार से भारी ब्याज पर कर्ज लेकर दुकान का सामान खरीदा है। ऐसे में यदि उन्हें कोर्ट रोड पर ठेला लगाने की अनुमति नहीं मिलती है तो उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

व्यापारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि दीपावली के दौरान उन्हें कोर्ट रोड पर अस्थाई रूप से ठेले लगाने की अनुमति दी जाए। साथ ही नगर पालिका शिवपुरी को निर्देशित किया जाए कि वह सभी ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाने का अवसर प्रदान करे।