शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में विष्णु मंदिर के पास युवती से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी बृजेन्द्र उर्फ जन्डेल सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की शाम सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक युवतियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जांच में सामने आया कि पीड़ित युवती सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से अपने भाई के दोस्त के साथ स्कूटी पर पुरानी शिवपुरी जा रही थी। इसी दौरान ओरा कार में सवार युवकों ने उसका पीछा किया। आरोप है कि विष्णु मंदिर के पास युवकों ने अश्लील इशारे और कमेंट किए। युवती ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची दुकान पर काम करने वाली दूसरी युवती के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के दौरान राहगीरों ने हस्तक्षेप किया और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन अन्य मौके से भाग निकले।
फिजिकल थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 76, 79, 115(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेन्द्र उर्फ जन्डेल सिंह गुर्जर (30 वर्ष) निवासी पुराना अमोला, मामौनी रोड, थाना अमोला, हाल निवासी खेत सिंह खंगार कॉलोनी के पास, नई फल मंडी के सामने, शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
विष्णु मंदिर के पास युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट, बृजेन्द्र गुर्जर गिरफ्तार; 3 आरोपी फरार / Shivpuri News



