,

शिवपुरी-भोपाल मार्ग पर नर्सिंग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष की थार से 92 हजार नकद, सोने की अंगूठी और दस्तावेज चोरी / Shivpuri News

शिवपुरी से भोपाल जा रहे जिला अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर और वॉइस ऑफ नर्स के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत की कार से दिनदहाड़े बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 23 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे शिवपुरी-भोपाल मार्ग पर अतलपुर स्थित महाकाल होटल के पास की बताई गई है। बैग में ₹92 हजार नकद, सोने की एक अंगूठी और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवराज सिंह राजपूत अपनी पत्नी को चिकित्सीय परीक्षण और इलाज के लिए भोपाल ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी महिंद्रा थार कार क्रमांक MP 07 AN 1009 से अज्ञात बदमाश बैग चोरी कर ले गए।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, घटना को मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अंजाम दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में एक अन्य संदिग्ध कार दिखाई देने की बात भी कही गई है। इसके आधार पर घटना में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना के बाद वॉइस ऑफ नर्स संगठन की ओर से शिवपुरी पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की मांग की गई है। संगठन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन और बाइक सवारों की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गया सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कराने की अपील की है।