शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम मनपुरा निवासी राकेश केवट ने अपने ससुरालीजनों पर पत्नी और परिवार को गोली मारकर हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राकेश केवट ने दतिया जिले के जनकपुर निवासी पिंकी केवट के साथ 17 जून 2026 को महाराष्ट्र के पुणे जिले के आलंदी देवाची स्थित रिद्धि-सिद्धि मंगल कार्यालय में विवाह किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि विवाह के बाद वह अपनी पत्नी के साथ ग्राम मनपुरा में रह रहा है।
राकेश ने अपने आवेदन में ससुर काशीराम केवट, ताऊ ससुर बलवीर केवट, पत्नी के भाइयों आनंद केवट और सुरेंद्र केवट सहित अन्य रिश्तेदार शैलेंद्र केवट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ये लोग उसे, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को गोली मारकर हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। उसने आशंका जताई है कि ससुरालीजन उसके परिवार के साथ कोई गंभीर घटना कर सकते हैं।
राकेश केवट ने पुलिस अधीक्षक से संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने तथा उसे, उसकी पत्नी पिंकी केवट और परिवार के सदस्यों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
प्रेम विवाह से नाराज ससुरालीजनों पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप, राकेश केवट ने SP से मांगी सुरक्षा / Shivpuri News




