,

टमाटर की फसल में भैंस घुसाने के आरोप पर खूनी संघर्ष: राजेश कुशवाह के सिर में कुल्हाड़ी मारने का आरोप, 6-7 टांके आए; SP से लगाई सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम पवैयापुरा भटनावर में टमाटर की फसल में भैंस घुसाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। राजेश कुशवाह ने कालीदास बैरागी और कल्ला उर्फ धीरज बैरागी पर रात करीब 11:30 बजे खेत पर पहुंचकर गाली-गलौज करने और कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। फरियादी के मुताबिक, कुल्हाड़ी उसके सिर में आंख के ऊपर लगी, जिससे गंभीर घाव हो गया और उसे 6-7 टांके आए। मामले में पहले ही पोहरी थाने में FIR दर्ज होने के बावजूद आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए राजेश ने 17 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, राजेश कुशवाह अपने चचेरे भाई प्रदीप कुशवाह के कुएं के पास स्थित खेत में बटाई पर टमाटर की खेती करता है। आरोप है कि 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कालीदास बैरागी और कल्ला उर्फ धीरज बैरागी वहां पहुंचे। उन्होंने टमाटर की फसल में भैंस घुसाने की बात कही। राजेश ने इस आरोप से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। फरियादी का आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में राजेश के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि प्रदीप को भी चोटें आईं।

राजेश ने शिकायत में आरोप लगाया है कि FIR दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और रिपोर्ट वापस लेने तथा राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। फरियादी ने अपने और परिवार के सदस्यों की जान-माल को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में राजेश कुशवाह ने मामले में धारा 109 बीएनएस जोड़ने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।