,

पार्सल विवाद में तनय भदौरिया एवं कृष्णा होटल के संचालक संजीव भटेले पर मुरैना के व्यापारियों से मारपीट का आरोप, मेडिकल कॉलेज में भर्ती / Shivpuri News

शिवपुरी। पार्सल को लेकर हुए विवाद में शिवपुरी के फोरलेन स्थित कृष्णा होटल पर मुरैना के व्यापारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी मनोज खटीक की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक के सिर में लाठी मारने से उसे गंभीर चोट आई, जबकि फरियादी की दाईं आंख पर भी मुक्का मारकर चोट पहुंचाने का आरोप है। घायल युवक को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मुरैना के सुभाष नगर निवासी मनोज खटीक (38) माला का व्यापार करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके कुछ पार्सल अहमदाबाद भेजने के लिए एक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित थे, लेकिन पार्सल मिसिंग होने के कारण वह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ 9 अक्टूबर 2026 को संबंधित लोगों से मिलने पहुंचे थे।

फरियादी के मुताबिक, तनय भदौरिया ने पार्सल दिलवाने की बात कही और अपनी इनोवा गाड़ी से आगे चलते हुए फोरलेन स्थित कृष्णा होटल पहुंचा। रात करीब 10 बजे मनोज खटीक अपने भाई और साथियों के साथ होटल पहुंचे, जहां पार्सल को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया।

मनोज का आरोप है कि तनय भदौरिया, होटल मालिक संजय भटेले और उनके अन्य साथियों ने उनके तथा उनके भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तनय ने उनके भाई सुरेश के सिर में लाठी मार दी, जिससे खून निकलने लगा। वहीं, संजय भदौरिया पर मनोज की दाईं आंख पर मुक्का मारने का आरोप है।

शिकायत के अनुसार, मौके पर मौजूद साथियों ने बीच-बचाव कराया। इसके बाद आरोपियों द्वारा जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मनोज अपने घायल भाई को जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।