,

गरबा पंडालों में एंट्री पर आधार कार्ड अनिवार्य हो, केवल सनातनी श्रद्धालुओं को मिले प्रवेश: VHP-बजरंग दल की कलेक्टर से मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। श्रीनवदुर्गा महोत्सव को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने प्रशासन के सामने गरबा आयोजनों के लिए विभिन्न नियम और शर्तें लागू करने की मांग उठाई है। संगठन की ओर से कलेक्टर को दिए गए आवेदन में 10 से 20 अक्टूबर 2026 तक होने वाले गरबा आयोजनों के दौरान प्रवेश व्यवस्था, गीत-संगीत और आचरण को लेकर पांच प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

शिकायत में मांग की गई है कि गरबा पंडालों में केवल सनातनी धर्मावलंबियों को प्रवेश दिया जाए तथा प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया जाए। इसके साथ ही शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने वाले व्यक्ति को गरबा पंडाल में प्रवेश नहीं देने की मांग की गई है।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने गरबा पंडालों में केवल धार्मिक गीत बजाने और अश्लील गीतों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी की है। संगठन ने नवदुर्गा महोत्सव के दौरान 10 से 20 अक्टूबर तक सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के आसपास मांस विक्रय की दुकानों पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है। संगठन ने पूर्व में गरबा पंडालों में कथित तौर पर हुए आपत्तिजनक कृत्यों का हवाला देते हुए आयोजकों को निर्धारित नियम-शर्तों के साथ अनुमति देने की मांग की है।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर नियम लागू नहीं किए गए तो नवदुर्गा महोत्सव के दौरान संगठन के स्वयंसेवक गरबा पंडालों में भ्रमण कर समाज एवं धर्महित में कार्रवाई करने के लिए विवश होंगे। आवेदन में इसकी जिम्मेदारी गरबा आयोजकों एवं प्रशासन की होने की बात कही गई है।