,

सांपरवाड़ा पंचायत में ‘कागजों’ में विकास! सरपंच मिथलेश धाकड़ और सचिव रामभरत धाकड़ पर सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। पोहरी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सांपरवाड़ा में शासन की योजनाओं के तहत स्वीकृत राशि से धरातल पर निर्माण कार्य नहीं कराए जाने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामवासियों ने कलेक्टर को आवेदन देकर पंचायत के निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने शिकायत में ग्राम पंचायत सचिव रामभरत धाकड़ और सरपंच मिथलेश धाकड़ पर आरोप लगाया है कि शासन की योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग किए बिना शासकीय दस्तावेजों में कार्य पूर्ण दर्शाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

शिकायत में पंचायत भवन निर्माण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन के निर्माण के लिए शासन से राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं कराया गया और पंचायत भवन का उपयोग भैंसों के तबेले के रूप में किए जाने का आरोप है।

ग्रामीणों ने गांव के रास्ते अधूरे होने, नालियों का निर्माण नहीं होने से जलभराव की समस्या, गांव में बिजली की व्यवस्था नहीं होने से अंधेरा रहने तथा पेयजल के लिए तालाब में तलैया निर्माण कराए जाने की बात भी आवेदन में कही है। साथ ही पंचायत में ग्राम पंचायत का बोर्ड तक नहीं लगाए जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से पंचायत के सभी निर्माण कार्यों और शासन की योजनाओं में खर्च की गई राशि की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर सरपंच और सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।