शिवपुरी। सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम बिची राधापुर निवासी 60 वर्षीय आदिवासी किसान बालकिशन ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर दबंगों पर उसकी कृषि भूमि पर कब्जा करने और खेत में खड़ी तिली की फसल काटकर ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी कृषि भूमि वापस दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बालकिशन का कहना है कि उसने जुलाई माह में करीब 3 बीघा जमीन में तिली की फसल बोई थी, जो 2 अक्टूबर 2026 को कटाई के लिए तैयार हो चुकी थी। आरोप है कि इससे पहले ही कुछ लोगों ने उसकी खड़ी तिली की फसल काटकर ले ली।
किसान ने आवेदन में राघवेन्द्र, लल्लू, जन्दैल पुत्रगण उदयमान रावत, पवन और संदीप पुत्रगण सिद्धार, नागेश पुत्र ब्रजमोहन, सभी निवासी ग्राम फूलपुर तथा नरेश पुत्र हरि बघेल निवासी बिची राधापुर पर आरोप लगाए हैं। आवेदन में यह भी आरोप है कि आरोपित लोग लाठी लेकर खेत पर पहुंचे और ट्रैक्टर से जमीन जोत दी।
बालकिशन ने शिकायत में पूर्व की एक घटना का भी उल्लेख किया है, जिसमें उसके अनुसार करीब 6 बीघा में बोई सरसों की फसल को भी काटकर ले जाने का आरोप लगाया गया था। किसान का कहना है कि इस संबंध में उसने थाना सीहोर और अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष शिकायत की है तथा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी मदद की गुहार लगाई है।
किसान ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि उसकी उम्र 60 वर्ष हो चुकी है और उसके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। खेती से ही वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसका आरोप है कि दबंगों द्वारा उसकी कृषि भूमि पर कब्जा किए जाने से उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है।
बालकिशन ने कलेक्टर से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उसकी कृषि भूमि वापस दिलाने की मांग की है।





