,

मगरौनी में बधाई वसूली को लेकर किन्नरों में विवाद, आशा बाई ने SP से लगाई गुहार; चेले मोनिका व अमित पर धमकी और परेशान करने के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। मगरौनी में बधाई लेने के काम को लेकर किन्नर समुदाय के बीच विवाद सामने आया है। मगरौनी निवासी आशा बाई किन्नर ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने चेले मोनिका किन्नर और अमित जाट सहित अन्य संबंधित लोगों पर परेशान करने, धमकी देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

आशा बाई का आरोप है कि मोनिका किन्नर और अमित जाट एक अन्य युवक को साथ लेकर पहले से ही दुकानों पर जाकर बधाई लेते हैं। उनके द्वारा ऐसा करने से मना करने पर कथित रूप से धमकी दी जाती है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने यह तक कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कराने का प्रयास किया गया तो वे खुद को नुकसान पहुंचाकर उसके खिलाफ भी कार्रवाई करवा देंगे।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक अन्य युवक आशा बाई और उनके साथ रहने वाले चेलों को परेशान करता है तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देता है। आशा बाई ने संबंधित लोगों को अपने घर से हटाने और भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


आशा बाई ने बताया कि उन्होंने इसी मामले को लेकर 29 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी मगरौनी में आवेदन दिया था, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक कोई सुनवाई या उचित कार्रवाई नहीं हुई। आशा बाई ने पुलिस अधीक्षक से मोनिका किन्नर, अमित जाट और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें परेशान करने से रोकने की मांग की है।