Press "Enter" to skip to content

हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस / Shivpuri News

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ समारोह

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में गौरवशाली गणतंत्र की 72वीं वर्षगांठ उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पोलो ग्राउंड पर आयोजित जिला स्तरीय गरिमामयी मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने राष्ट्रीयध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। 73वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। मुख्य अतिथि ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।

निकला आकर्षक मार्चपास्ट

संयुक्त परेड में जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड, 18वीं वाहिनी एसएएफ और कोटवार ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकड़ियों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया। इस मार्चपास्ट में एसएएफ सशस्त्र बल को प्रथम,  मध्य प्रदेश पुलिस महिला को द्वितीय और मध्य प्रदेश पुलिस पुरुष को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा इन्हें शील्ड प्रदान की गई। सांत्वना पुरस्कार मध्य प्रदेश होम गार्ड्स को दिया गया। परेड प्रदर्शन में निसशस्त्र बल में प्रथम स्थान वन विभाग और द्वितीय स्थान कोटवार को मिला। इस बार कोविड को ध्यान में रखते हुए मुख्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।

मनमोहक झाँकियाँ भी निकली

समारोह में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर केन्द्रित विभिन्न विभागों द्वारा चलित झांकियां निकाली गई। जिसमें प्रथम पुरस्कार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की झांकी को मिला। द्वितीय पुरस्कार कृषि विभाग और तृतीय पुरस्कार नगर पालिका की झांकी को मिला। और सांत्वना पुरस्कार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल संसाधन विभाग की झांकी को दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री सिंह ने  संबंधित विभागों के अधिकारियों को पुरस्कार के रूप में शील्ड प्रदान की।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिए प्रमाण-पत्र

विभिन्न विभागों में कार्यरत शासकीय सेवकों को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। इसमें प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के अलावा सामाजिक संस्था और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, पर्यटन के क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!