,

शिवपुरी के छापी गांव बारिश से उफनी नदी से निकलकर पहुंचा मगरमच्छ, रेस्क्यू टीम को बुलाया / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के छापी गांव में किसान प्रद्युमन सिंह यादव के खेत में एक मगरमच्छ दिखाई दिया। खेत में मौजूद ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखते ही आसपास के लोगों को सूचित किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों ने तुरंत रन्नौद वन परिक्षेत्र के अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी। वन विभाग की टीम के आने से पहले ग्रामीणों ने खुद मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है। इससे नदी-नाले उफान पर हैं। गांव के पास बहने वाली बरसाती नदी में भी पानी भर गया है। माना जा रहा है कि मगरमच्छ इसी नदी से निकलकर खेत तक पहुंच गया। सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने खेत के चारों ओर घेरा बना लिया है। वे वन विभाग की रेस्क्यू टीम का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की है।