शिवपुरी में दो साल के मासूम का शव पुलिया में मिला है। वह गुरुवार को खेलते समय लापता हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंपा है। मासूम 3 भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता मजदूरी करते हैं।
मामला करैरा कस्बे का है। दो साल के देव वंशकार का शव दोपहर में महुअर नदी में पुलिया के पास फंसा हुआ मिला।
मासूम गुरुवार सुबह 11 बजे से लापता था। घटना के बाद से परिजन बदहवास हालत में उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन जब कहीं कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार को जब मासूम का शव मिला तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी है कि धर्मेंद्र वंशकार अपने परिवार के साथ करैरा कस्बे में महुअर नदी किनारे कच्चे मकान में रहता है। गुरुवार को उसका दो साल का बेटा देव वंशकार घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। परिजनों ने इधर-उधर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
आखिरकार करैरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की।
करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर देव का शव महुअर नदी में पुलिया के पास फंसा हुआ मिला, जो घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर है। शव को देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि देव तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। पिता धर्मेंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं और नदी किनारे बेहद साधारण हालातों में जीवन बिता रहे हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Be First to Comment