शिवपुरी: नगर पालिका में लंबे समय से चल रही गुटबाजी अब सीधे टकराव में बदल गई है। मंगलवार रात भाजपा पार्षद ताराचंद राठौर के भाई मनीष राठौर पर मोहना में हमला हुआ। इस मामले में मोहना पुलिस ने ठेकेदार अर्पित शर्मा, उसके भाई दीपू शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के पति संजय दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।।
मनीष राठौर ने बताया की वह अपनी इनोवा कार से ग्वालियर से लौट रहे थे और रास्ते में मोहना के बलराम होटल पर भोजन के लिए रुके थे। इसी दौरान रात 9:30 बजे अर्पित शर्मा, दीपू शर्मा और संजय दुबे वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर अर्पित और दीपू शर्मा ने मनीष से मारपीट शुरू कर दी। वहीं, संजय दुबे ने उनकी टी-शर्ट फाड़ दी।
घटना प्रत्यक्षदर्शियों निशार खान और संदीप सक्सेना के सामने हुई। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष विरोधी पार्षद मौके पर पहुंचे। सभी पार्षद मनीष राठौर के साथ मोहना थाने गए और एफआईआर दर्ज कराई। पार्षदों ने हमले की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका में पिछले कई महीनों से गुटबाजी चल रही है। पार्षद अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार और पक्षपात के आरोप लगाते रहे हैं। यह घटना ऐसे समय हुई जब शिवपुरी के 30 से अधिक पार्षद ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर लौट रहे थे।





