शिवपुरी: जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीपुर चक में मंगलवार रात चोरी की घटना सामने आई। रात करीब 2:30 बजे 3-4 अज्ञात चोर सुनील परिहार के घर में घुस गए। चोरों ने पहले कच्चे मकान का रुख किया। वहां से उन्होंने कपड़े, कागजात और रुपए रखे दो बक्से चुरा लिए। इसके बाद वे पक्के मकान की तरफ बढ़े।
वहां सुनील के पिता कप्तान सिंह परिहार सो रहे थे। चोरों ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया। फिर दूसरे कमरे की अलमारी से नकदी और जेवरात निकाल लिए।
कप्तान सिंह को दरवाजा खोलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने खिड़की से बाहर झांका। उन्हें काले कपड़ों में दो लोग भागते हुए दिखाई दिए। वे खिड़की से बाहर निकले और दरवाजा खोला। इसके बाद उन्होंने परिजनों को जगाया। पीड़ित ने बदरवास थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





