,

शिवपुरी में पेट्रोल पम्प पर चार्ज हो रहीं स्कूटी में लगी आग, पेट्रोल टैंक तक पहुंचने से पहले आग पर पाया काबू / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के अमोला थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम फिलिंग स्टेशन पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। पंप पर चार्ज हो रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ और आग ने पास में रखे जनरेटर और अन्य उपकरणों को चपेट में ले लिया।

आग लगते ही पंप कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकल गए। स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकर और फायर एक्सटिंगिवीशर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हादसे में इलेक्ट्रिक स्कूटी, जनरेटर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। गनीमत रही कि आग पेट्रोल टैंक तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही अमोला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।