शिवपुरी के कोलारस में स्टेशन मास्टर के घर से अज्ञात चोर ने हजारों रुपए की चोरी की। घटना बुधवार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने क्वार्टर के पीछे बनी सीमेंट की खिड़की तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, कोलारस रेलवे स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर कमल प्रसाद मीणा, जो कि राजस्थान के निवासी हैं। वर्तमान में स्टेशन मास्टर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनका सरकारी क्वार्टर स्टेशन के पास ही स्थित है। गर्मियों की छुट्टियों के चलते उनकी पत्नी और बच्चे राजस्थान गए हुए हैं।
चोरी के समय ड्यूटी पर थे स्टेशन मास्टर
ड्यूटी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चल रही है। कमल प्रसाद मीणा ने बताया कि बुधवार सुबह वे समय पर ड्यूटी पर पहुंच गए थे। दोपहर में चाय पीने के लिए क्वार्टर गए, लेकिन चाबी स्टेशन पर ही भूल आए थे, जिस कारण पड़ोसी के यहां चाय पीकर वापस ड्यूटी पर लौट गए। रात 8 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद जब वे अपने क्वार्टर लौटे तो दरवाजे पर ताला लगा था।
सीमेंट की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे चोर
ताला खोलकर अंदर गए तो चोरी का पता चला। क्वार्टर की पिछली खिड़की टूटी हुई थी और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे करीब 5 हजार रुपए नगद, नाक की सोने की बाली और दो जोड़ी सोने की कान की बाली चोरी हो चुकी थीं। घटना की सूचना कोलारस थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।


Be First to Comment