शिवपुरी: जिले के कोलारस में एनएच-46 पर किनारे खड़ी कार में एक लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोग घायल हुए है। टक्कर के बाद लोडिंग वाहन पलट गया। हादसा गुरुवार दोपहर को कोलारस बायपास स्थित जाट होटल के पास हुआ।
हादसे में घायल इकबाल ने बताया कि वे सभी उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर के रहने वाले हैं। वे नासिक में गांव-गांव जाकर कबाड़ बिनने का काम करते हैं। गुरुवार को वे सभी लोडिंग वाहन से नासिक जा रहे थे।
इस दौरान वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। हादसे में लोडिंग वाहन में सवार छह लोग घायल हो गए। कोलारस पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने पलटे हुए वाहन को हाईवे से हटवाया।
कार मालिक चेतन रघुवंशी कोलारस के रिजोदा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि परिजन का फोन आने पर उन्होंने हाईवे किनारे कार रोकी थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। चेतन को चोट नहीं आई, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Be First to Comment