कोलारस। कोलारस थाना पुलिस ने 22 जनवरी को रिमांड पूरी हाेने पर भृत्य राकेश पराशर सहित पिंकी यादव और पवन यादव को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने 5.31 करोड़ के गबन के पहले केस में पुलिस ने अब तक यह कार्रवाई की है। लेकिन 80.52 करोड़़ के भ्रष्टाचार के केस में फिर से पुलिस पूछताछ के लिए तीनों को रिमांड पर लेगी। दूसरी एफआईआर में अन्य आरोपियों की धरपकड़ कर पूछताछ की जाएगी। भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराएं बढ़ने की वजह से अब दोनों प्रकरणों की जांच एसडीओपी करेंगे। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने दो दिन पहले आदेश जारी कर दिए हैं। कोलारस टीआई आलोक सिंह भदौरिया ने बताया कि राकेश पराशर, पिंकी यादव और पवन यादव को 22 जनवरी तक रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान पिंकी के कब्जे से हारवेस्टर, स्कॉर्पियो, पवन से कार व बस जब्त की जा चुकी है। करैरा व शिवपुरी में चार मकान भी मिले हैं। केंद्रीय सहकारी बैंक की राशि का गबन कर भ्रष्टाचार किया गया है। इसलिए भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराएं दोनों केस में बढ़ाई गईं हैं। इस कारण एसपी राजेश सिंह चंदेल ने एसडीओपी को जांच के आदेश कर दिए हैं।
दोनों डायरियां मिल गईं हैं, जांच जारी है गुरुवार को जांच के आदेश हो गए हैं। दोनों डायरियां मिल गईं हैं। अब दोनों मामले में आगे की विवेचना करेंगे। जल्द ही तीनों आरोपियों को फिर से पीआर पर लेंगे और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ जाएगी। चूंकि गबन की राशि बड़ी है, इसलिए विवेचना में काफी वक्त लगना लाजमी है।
– निरंजन सिंह राजपूत , एसडीओपी कोलारस






Be First to Comment