शिवपुरी। आप खुश रहो… अपने बेटों के साथ…। हम दोनों जा रहे हैं और आपसे मिलने जरूर आएंगे। आप अपना ध्यान रखना और ज्यादा परेशान मत होना। अगर कोई पूछे आपकी बेटियां कहां गई हैं तो बोलिएगा वो उड़ीसा चली गईं। अगर हमसे कोई गलती हो गई हो तो माफ कर दीजिएगा…सॉरी पा।
यह पत्र लिखकर रेलवे कर्मचारी दौलत कुमार की बेटियां पूजा कुमार (20) और आरती कुमार (18) घर से कहीं चली गईं। आरती और पूजा के तीन बड़े भाई भी हैं। लेकिन तीनों बाहर अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। मां की मृत्यु के बाद से दोनों बेटियां अपने पिता के साथ पिछले चार साल से शिवपुरी में रह रहीं थीं। पिता दोनों को पिछले दस दिन से तलाश रहा है लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
पिता पिछले 10 दिनों से न तो बेटियों से कोई बात कर पाया और न ही उनका कोई सुराग मिला। पिता को अब डर सता रहा है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।
कोतवाली TI सुनील खेमरिया ने बताया कि रेलवे के एक कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बेटियां 10 जनवरी की रात से गायब हैं। दोनों ने एक लेटर छोड़ा है। हमने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों लड़कियों का पता लगाया जा रहा है।




