शिवपुरी: शहर की लुधावली गौशाला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने 25 साल के बेटे को खोज निकालने की गुहार एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई है। महिला का कहना है कि कुछ लोग घर से पीटते हुए उसे अपने साथ ले गए थे। लेकिन तीन दिन गुजर जाने के बाद भी बेटा वापस घर नहीं लौटा है।
शहर के देहात थाना के लुधावली गौशाला क्षेत्र की रहने वाली शीला सिंह परिहार ने बताया कि 7 दिसंबर की दोपहर करीब दो बजे उसके घर जगदीश यादव और इंदल गुर्जर आए थे। उन्होंने बेटे संतोष परिहार उम्र 25 साल के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। शीला ने बताया कि दोनों को पीटने का कारण पूछा तो बेटे द्वारा गालियां देने की बात कही थी।
बाद में दोनों बेटे को पीटते पीटते घर से ले गए थे। इसकी शिकायत देहात थाने में दर्ज कराई थी। लेकिन उनके द्वारा बाद में आने की बात कही गई। लेकिन आज तीसरे दिन भी बेटा घर नहीं लौटा है और ना ही कोई सुराग लगा है। जो लोग बेटे को पीटते हुए ले गए थे। उनका भी पता नहीं लगा है। उसे बेटे के साथ अनहोनी घटित होने की शंका सता रही है। इसी के चलते आज वह एसपी ऑफिस फरियाद लेकर पहुंची हैं।
बेटे को घर से पीटते हुए ले गए दो युवक: तीन दिन बाद भी नहीं लग सका सुराग, मां ने दर्ज कराई एसपी ऑफिस में शिकायत / Shivpuri News




