
शिवपुरी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा अब पुलिस लिखे वाहनों की सीसीटीवी फुटेज के साथ ई-चालान संबंधितों के घरों पर भेजने शुरू कर दिए हैं। ट्रैफिक थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव का कहना है कि चुनाव आयोग के आदेश पर अभी तक जनप्रतिनिधियों की नेम प्लेट वाली गाडिय़ों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अब पुलिस लिखे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दिन पोहरी चौराहे पर पुलिस लिखीं 7 बाइक पकड़ीं। सभी के खिलाफ 500-500 रुपए के चालान काटे हैं। पुलिस लिखे वाहनों की पहचान चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज से कर उनके फोटो के साथ संबंधित मालिक के घरों पर ई-चालान आज से भेजेंगे। यह कवायद चुनाव से पहले इसलिए चलाई जा रही है कि कोई भी पुलिस की आढ़ में नियमों का उल्लंघन न कर पाए। अक्सर पुलिस लिखी गाड़ी देखकर बिना रोके छोड़ दिया जाता है। लेकिन चुनाव आयोग की सख्ती के चलते ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री के आदेश पर पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुना नाके पर जिला परिवहन अधिकारी के साथ बाइक चालकों को हेलमेट पहनकर चलने और कार चालकों को सीट बेल्ट बांधने की सलाह दी। इस दौरान कुछ कार चालकों के ट्रैफिक थाना प्रभारी ने स्वयं सीट बेल्ट बांधे। स्वयं की सुरक्षा के लिए हमेशा सीट बेल्ट बांधने को कहा।







Be First to Comment