साहब…! हमारी खड़ी फसल में मवेशी छोड़ दिए, जब मना किया तो कर दी मारपीट / Kolaras News

शिवपुरी। साहब…! हमारी सोयाबीन की खड़ी फसल में गांव के ही रहने वाले दबंग लोग अपने मवेशी रोज छोड़ देते हैं। यह मवेशी फसल को खराब कर रहे हैं। जब मना किया तो सभी ने मिलकर मारपीट कर दी जिससे शरीर में जगह-जगह चोटें आईं। मामले को लेकर थाने में भी जानकारी दी लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। यह कहना था एसपी के पास अपनी फरियाद लेकर आए रन्नौद के प्रेमबाई व संजय जाटव का।

प्रेमबाई जाटव ने बताया कि वह रन्नौद के निवासी है और खेती-किसानी कर अपना गुजर-बसर करते हैं। इस बार उन्होंने सोयाबीन फसल की बोवनी की। उनकी फसल में गांव के ही रहने वाले दबंग लोगों ने मवेशी छोड़ दिए। जब उक्त लोग छोटेलाल जाटव, कालीचरण जाटव, जीतू जाटव पुत्र कालीचरण जाटव एवं नीलू जाटव व उसकी पत्नी से मवेशी को खेत में छोड़ने से मना किया तो सभी ने एक राय होकर लाठी व लात-घूसों से मारपीट कर दी जिससे शरीर में जगह-जगह चोटें आई। मामले को लेकर थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने एक भी नहीं सुनी। अब आपके पास आए है आरोपित पर कार्रवाई कर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाएं।