Press "Enter" to skip to content

दुल्हन के दरवाजे पर खड़ी थी बारात, बारातियों के बीच चल गई लाठियां | Karera ,Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा कस्बे में स्थित कोमल वाटिका में रात्रि के समय बारात में शामिल बारातियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी और डंडे चले। घटना के समय बारात दुल्हन के दरवाजे पर खड़ी थी जब विवाद हुआ तो वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। इसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर थाने में बैठाया। तब कहीं जाकर विवाह समारोह संपन्न हुआ। पुलिस ने मामले में क्रॉस प्रकरण दर्ज कर दोनों पक्षों के दस लोगों को आरोपी बनाया है।
जानकारी के अनुसार यादव परिवार के यहां कोमल वाटिका में विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा था और रात्रि करीब 12 बजे बारात जब वधु के द्वार पहुंची तभी बारात में शामिल शेरू यादव, जीतेंद्र यादव, देवेंद्र यादव और उनके चार साथी सभी निवासी करैरा का विवाद काली पहाड़ी निवासी नीरज यादव, शैलेंद्र यादव, विनोद यादव, अजय उर्फ बच्चा यादव, अफतार सिंह यादव और उनके दो अन्य साथियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया और देखते ही देखते बारात में भगदड़ की स्थिति मच गई। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले जिससे खुशी के माहौल में भय व्याप्त हो गया। बाद में किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ लिया और उन्हें थाने लेकर आए तब कहीं जाकर विवाह समारोह को आगे बढ़ाया गया और अन्य रस्में पूर्ण हुईं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर से अलग अलग प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने नीरज पुत्र माधव सिह यादव की फरियाद पर से शेरू यादव, जीतेंद्र यादव, देवेंद्र यादव और उसके चार अन्य साथियों के खिलाफ भादवि की धारा 147, 148, 149, 323, 294, 506 के तहत प्रकरण कायम कर लिया जबकि देवेंद्र पुत्र मुन्नालाल यादव की रिपोर्ट पर से नीरज यादव, शैलेंद्र यादव, विनोद यादव, अजय उर्फ बच्चा यादव, अफतार सिंह और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भादवि की धारा 147, 148, 149, 323, 294, 506 के तहत क्रॉस मामला दर्ज कर लिया।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!