शिवपुरी। यातायात नियम तोड़ने वाले अब सीसीटीव्ही कैमरों की नजर में आने लगे हैं। 171 सीसीटीव्ही कैमरे शहर के सभी प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगे हैं। इन कैमरों की मदद से ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है जो यातायात नियम तोड़ रहे हैं। अभी तक ऐसे 100 लोगों को ई चालान डाक से भेजे गए हैं। जिनका चालान हुआ है उन्हें सात दिन के भीतर चालान में निर्दिष्ट रकम यातायात थाने में जमा कराना होगी अन्यथा उनके विरूद्ध चालान न्यायालय में पेश किया जाएगा। सबसे पहला चालान रोहित जैन पुत्र रमेश जैन निवासी तारकेश्वरी कॉलोनी शिवपुरी का हुआ है जो अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एमजे 0375 से पोहरी वायपास चौराहे से बिना हेलमेट धारण करे गुजर रहा था। चालान के साथ ट्रेफिक नियम तोड़ने संबंधी फोटो भी भेजा जा रहा है।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने वाहन चालकों से अपील की कि वह ट्रेफिक नियमों का पालन कर वाहन चलाएं अन्यथा वह चालानी कार्रवाई से बच नहीं सकेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में चालानी कार्रवाई शहर के आईटीआई रोड, गुना नाका, ग्वालियर नाका, पोहरी चौराहा और दो बत्ती पर लगे कैमरों से अंजाम दी गई और ऐसे वाहन चालकों को सीसीटीव्ही फुटेज देखकर चालानी की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय सिगरेट पीने, मोबाइल चलाने, तीन सवारी बिठालने पर कार्रवाई होगी। इसके अलावा रॉग साइड आना, रेडलाइट क्रॉस करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई होगी। नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने पर चालान किया जाएगा तथा सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है और इस समय पर यदि भारी वाहन शहर में लाया गया तो 5 हजार रूपए जुर्माना किया जाएगा।
बॉक्स
मोबाइल पर बात करने वाले पांच चालकों पर कार्रवाई
सीसीटीव्ही कैमरे के फुटेज देखने पर पुलिस कर्मचारियों को पता चला कि कल मोबाइल पर बात करते हुए पांच वाहन चालक गाड़ी चला रहे थे। उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए डाक से चालान भेजा गया है। इसके अलावा वाहन पर तीन और चार सवारी बैठाने वाले 5, रॉग साइड गाड़ी चलाने वाले 5 तथा बीच सड़क पर वाहन पार्क करने वाले 5 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शहर के बाहर बिना हेलमेट लगाए वाहन चलाने वाले लगभग 40 चालकों को चालान भेजे जा रहे हैं।





Be First to Comment