
रात्रि में यादव समुदाय ने किया थाने का घेराव, डंपर मालिक पार्षद सहित चालक पर हत्या का केस दर्ज
शिवपुरी। खनियांधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रदीप जैन उर्फ पिंटू जैन निवासी खनियांधाना का भैयासाहब यादव उम्र 40 वर्ष निवासी पुरा मायापुर के साथ पुराना विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते बीती देर शाम जब भैयासाहब जेरा रोड भागोली तिराहे पर खड़ा हुआ था तभी पिंटू जैन ने अपने डंपर चालक से कहकर भैयासाहब को टक्कर मरवा दी जिससे भैयासाहब की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रदीप पार्षद भी है और रेत के कारोबार में संलिप्त है। परिजनों की मानें तो पार्षद ने चार दिन पहले मृतक को देख लेने की धमकी थी दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मृतक सड़क से दूर खड़ा हुआ था और उसे पूर्व प्लानिंग के तहत टारगेट बनाया गया था। घटना के बाद यादव समुदाय में आक्रोश फैल गया और रात्रि में सैंकड़ों की संख्या में यादव समाज के लोग थाने पहुंच गए और पार्षद पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस ने देर रात्रि पार्षद और डंपर चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
इनका कहना है
आरोपी ने चार दिन पहले ही मृतक को देख लेने की धमकी दी थी और घटना के समय मृतक सड़क से काफी दूर था और उसे जानबूझकर टक्कर मार गई है। इन्हीं सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने डंपर मालिक और चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
राजेश हिंगणकर
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी







Be First to Comment