Press "Enter" to skip to content

बुआ यशोधरा ने कहा : हमारे सांसद का बड़प्पन, बोले आपको करना है दोनों भूमि-पूजन-shivpuri news

35 करोड़ से शहर में फोरलेन और वायपास चौराहे का हुआ भूमि-पूजन
शिवपुरी। विरोधी दलों में रहने के बावजूद अंचल में सिंधिया परिवार के सदस्यों का परिवार प्रेम और एक-दूसरे के खिलाफ मुखर होने की प्रवृत्ति हमेशा से सामने आती रही है। यही नजीर रविवार को शहर के ग्वालियर वायपास चौराहे पर कांग्रेस की सत्ता वाली नपा द्वारा शहर में बनने जा रहे फोरलेन मार्ग और ग्वालियर वायपास चौराहे पर राजमाता सिंधिया की प्रतिमा स्थापित करने के भूमि-पूजन समारोह में सामने आई जब शिवपुरी से भाजपा विधायक यशोधरा राजे मुख्य अतिथि की हैसियत से कार्यक्रम में पहुंची जबकि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को कार्यक्रम की अध्यक्षता करनी थी। सिंधिया मौजूद नहीं रहे, लेकिन मंच से यशोधरा ने कहा कि यह हमारे सांसद का बढ़प्पन है उन्होंने मुझसे कहा कि भूमिपूजन आप करेंगी। उन्होंने मुझे मौका दिया इसके लिए मेरे भतीजे और क्षेत्रीय सांसद काे मैं धन्यवाद देती हूं। यशोधरा ने शहर के विकास के लिए नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा का भी साथ मिलकर काम करने के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर नपा के पूर्व उपाध्यक्ष भानू दुबे, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा, सीएमओ सीपी राय, लोक निर्माण विभाग के ईई ओमहरि शर्मा सहित भाजपा कांग्रेस के नेता पार्षद मौजूद रहे। 
34 करोड़ 63 लाख से बनेगा राजमाता सिंधिया फोरलेन मार्ग
शिवपुरी शहर को आकर्षक रूप देने और यातायात को सुलभ बनाने के लिए कत्थामील के समीप निर्माणाधीन मेडीकल कॉलेज पास एनएचएआई फोरलेन वायपास से नागा की बावड़ी पर फोरलेन वायपास को जोड़ने वाले स्थान तक 13.54 किलोमीटर लंबा फोरलेन शहर से होकर बनाया जाएगा जिस पर 34 करोड़ 63 लाख 99 हजार रुपए का खर्चा आएगा। इसे थीम रोड के रूप में विकसित किया जाएगा और राजमाता सिंधिया मार्ग के नाम से पहचाना जाएगा। इस फोरलेन में चार चौराहों का भी निर्माण होगा। ग्वालियर वायपास िस्थत चौराहे पर राजमाता सिंधिया की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी।
ईई से कहा सड़क की गुणवत्ता अच्छी होना चाहिए
विधायक यशोधरा ने मंच से मौके पर मौजूद पीडब्ल्युडी के ईई ओमहरी शर्मा की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि ये चुनौतीपूर्ण कार्य है। फोरलेन हाइवे शहर को चमकाएगा। पिछली बार की तरह मैं छाता लेकर एक-एक सड़क के निर्माण के समय खड़ी नहीं होउंगी, लेकिन ये आपका दायित्व है कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो। यशोधरा ने बताया कि पूर्व सरकार के समय सड़क स्वीकृत हो गई थी, लेकिन अनुबंध नहीं हो पाया था। 
युवा पीढ़ी राजमाता को पहचान सके इसलिए जरुरी
यशोधरा ने कहा कि राजमाता सादगी और समर्पण की प्रतिमूर्ति थीं और वे सिर्फ सिंधिया परिवार की नहीं बल्कि अंचल के सभी लोगों के लिए पूज्यनीय रहीं हैं। उनकी कभी भी इच्छा नहीं रही कि उनकी मूर्तियां लगाई जाएं लेकिन युवा पीढ़ी ने उन्हें कभी देखा नहीं है इसलिए वे उन्हें जान सकें। पहचान सकें इसलिए यह जरुरी है। उन्होंने कहा कि नपाध्यक्ष उपाध्यक्ष के मन में भी राजमाता के प्रति उतना ही सम्मान है। चुनाव के दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके बाहरी होने की अफवाह फैलाई गई। उन्हें चेताते हुए यशोधरा ने कहा कि उनके परिवार ने ही शिवपुरी को वसाया था और शिवपुरी ही उनका घर है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!