एमपी मॉडल के जरिए भाजपा की यूपी जीतने की तैयारी, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी लगाई मुहर
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी बिसात बिछ चुकी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार उत्तर प्रदेश के दौरे कर रहे हैं, लेकिन बिहार, बंगाल और दिल्ली के चुनावों में मात खा चुकी भाजपा की रणनीति बदली हुई नजर आ रही है.
2013 के विधानसभा चुनावों और 2014 में आम चुनाव में गुजरात मॉडल के जरिए देश की सत्ता पर काबिज होने वाली भाजपा की रणनीति में अब मध्य प्रदेश विकास का नया मॉडल बनकर उभरा है.

शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की खुलकर तारीफ कीं.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आप मध्य प्रदेश देखिए. कभी यह बीमारू राज्य कहा जाता था. वहां की जनता ने बीजेपी को सेवा करने का मौका दिया. 10 साल के भीतर-भीतर मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से मुक्त होकर हिंदुस्तान के विकास करने वाले राज्यों में आकर खड़ा हो गया.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘एमपी के लोगों के पास नर्मदा मैया के अलावा कोई नदी नहीं है. फिर भी वहां के किसानों ने देश के अन्न भंडार कर अपना नाम रोशन कर दिया.’
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने यूपी में जीत हासिल करने के लिए खास रणनीति बनाई है. रणनीति के तहत एमपी में भाजपा सरकार के दौरान विकास कार्यों को खास तरजीह दी गई है. अब प्रधानमंत्री मोदी के लगातार अपनी सभाओं में एमपी का जिक्र करने से साफ है कि वो भी इसी रणनीति को आगे बढ़ा रहे हैं.
यह पहला मौका नहीं है, जब यूपी की सरजमी पर प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की तारीफ की हो. इसके पहले महोबा में भी प्रधानमंत्री ने बुंदेलखंड के मध्य प्रदेश के हिस्से के विकास का उदाहरण दिया था.
सपा-बसपा ने बुंदेलखंड बर्बाद कर दिया
महोबा में पीएम ने कहा था कि दोनों पार्टियों के राज में उत्तर प्रदेश के तहत आने वाला बुंदेलखंड बर्बाद हो गया, जबकि इसी दौर में मध्य प्रदेश में भाजपा के राज में तरक्की हुई है.



